पेज

सुमित्रानंदन पंत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सुमित्रानंदन पंत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

20210521

सुमित्रानंदन पंत : व्यापक पर्यावरणीय चेतना के कवि - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा | Sumitranandan Pant : Poet of Broad Environmental Consciousness - Prof. Shailendra Kumar Sharma

व्यापक पर्यावरणीय चेतना के कवि हैं पंत  – प्रो. शर्मा 


सुमित्रानंदन पंत की काव्यानुभूति और वर्तमान विश्व पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी और कवि सम्मेलन


भारत की प्रतिष्ठित संस्था राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना द्वारा एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वेब संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी सुमित्रानंदन पंत की काव्यानुभूति और वर्तमान विश्व पर केंद्रित थी। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि हिंदी परिवार, इंदौर के संस्थापक एवं साहित्यकार डॉ हरेराम वाजपेयी थे। अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कला संकायाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय मुख्य संयोजक प्राचार्य डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे थे। आयोजन के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार एवं हिंदी सेवी श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक ओस्लो नॉर्वे, श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई, डॉ विमल कुमार जैन, इंदौर, श्री जी डी अग्रवाल, इंदौर, डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर प्रभु चौधरी थे।  संगोष्ठी का सूत्र संयोजन डॉ लता जोशी, मुंबई ने किया। 






मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार श्री हरेराम वाजपेयी ने कहा कि पंत को याद करना प्रकृति की पूजा करना है। प्रकृति का खजाना अखूट है, जिससे कवि प्रेरणा लेता है। पंत जी प्रकृति के चितेरे हैं। पंत जी को पढ़ना अनंत की ओर यात्रा करना है। उनके काव्य से जीवन को प्रकाश मिलता है। 






विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि कविवर सुमित्रानंदन पंत व्यापक पर्यावरणीय चेतना के कवि हैं, जिसे वर्तमान विश्व को जरूरत है। उनके काव्य में कल्पना की स्वच्छंद उड़ान और प्रकृति के प्रति तादात्म्य रिश्ता मिलता है। उन्होंने प्रकृति तथा मनुष्य जीवन के कोमल और कठोर रूपों को अपने काव्य का विषय बनाया। वे कल्पना के सत्य को सबसे बड़ा सत्य मानता हैं। वे अपने युगीन संदर्भों से संपृक्त होकर निरन्तर गतिशील बने रहे। उनके काव्य से गुजरना पिछली सदी के विभिन्न काव्य सोपानों से होकर गुजरना है। उनकी काव्य यात्रा वृत्ताकार दिखाई देती है, जिसमें प्रकृति एवं मनुष्य के रिश्तों के साथ ग्राम्य जीवन, सामाजिक सरोकार, समता, अंतश्चेतना और मानवतावादी दृष्टि का सुमेल हुआ है। उनकी कविताओं में आध्यात्मिकता और भौतिकता के समन्वय की राह दिखाई देती है, जो वर्तमान विश्व के लिए प्रेरक है।


मुख्य वक्ता डॉक्टर शहाबुद्दीन नियाज मोहम्मद शेख, पुणे ने कहा कि सुमित्रानंदन पंत छायावाद के अग्रगण्य कवि हैं। निजी अनुभूति का समाजीकरण पंत के काव्य में दिखाई देता है। उनकी कविताएं हृदय को स्पर्श करती हैं। उनके काव्य पर स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविंद, महात्मा गांधी और मार्क्स का प्रभाव दिखाई देता है। वे गांधीजी के प्रभाव से असहयोग आंदोलन में सम्मिलित हुए थे।




विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रवासी साहित्यकार श्री सुरेशचंद्र शुक्ल शरद आलोक, ओस्लो, नॉर्वे ने पंत काव्य की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए स्वरचित कविता समय पर आए ना ऋतुराज सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।





विशिष्ट अतिथि कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सुवर्णा जाधव, मुंबई ने कहा कि पंत जी ने छायावाद को नई गति दी। विषयवस्तु की भिन्नता के बावजूद कल्पना की उड़ान उनके काव्य की विशेषता है। उन्होंने प्रकृति सौंदर्य का जीवंत वर्णन किया है। प्रकृति में मानवीय सत्ता का आरोपण पंत जी ने बहुत सुंदर ढंग से किया।






डॉ विमल कुमार जैन, इंदौर ने पंत की कर्मभूमि कौसानी की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कौसानी अत्यंत रमणीय स्थान है। उसी की प्रेरणा से पंत के काव्य में प्रकृति का सुंदर चित्रण मिलता है। उन्होंने पंत संग्रहालय में संकलित पंत जी की कविताओं के अंश सुनाए।


विशिष्ट अतिथि डॉक्टर मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर ने कहा कि पंत का व्यक्तित्व और कृतित्व - दोनों प्रभावकारी हैं। वे श्रेष्ठ विचारक, दार्शनिक और मानवतावादी कवि हैं। डॉ कौशिक ने स्वरचित कविता प्रकृति तुम महान हो सुनाई।


वरिष्ठ साहित्यकार श्री जी डी अग्रवाल, इंदौर ने कहा कि पंत जी ने बाल्यकाल में काव्य सृजन प्रारंभ कर दिया था। श्री अग्रवाल ने पंत की प्रसिद्ध रचना सुख - दुख सुनाई, जिसमें मनुष्य जीवन में सुख और दुख - दोनों के संतुलन को वर्णित किया गया है।


डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद ने कहा कि पंत जी कलाकार कवि हैं। वे सदैव विकासोन्मुख रहे। अनेक प्राणवान कविताओं की रचना उन्होंने की। डॉक्टर चौबे ने स्वरचित कविता प्रकृति मां का पाठ किया।


कार्यक्रम में कवि श्रीराम शर्मा परिंदा, मनावर ने अपनी एक व्यंग्य कविता सुनाई, जिसकी पंक्ति थी छोड़ दरख़्त परिंदा अब उड़ने की तैयारी है। डॉक्टर उर्वशी उपाध्याय, प्रयागराज ने अपनी कविता के माध्यम से समकालीन कोरोना महामारी पर टिप्पणी की। कार्यक्रम में डॉक्टर गरिमा गर्ग पंचकूला ने भी अपनी कविता प्रस्तुत की।


कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती वंदना श्रीमती रूली सिंह, मुंबई ने की। स्वागत भाषण डॉक्टर सुनीता चौहान मुंबई ने दिया। उन्होंने स्वरचित कविता जो बीत रही मुझ पर किसे बताऊं का पाठ किया। प्रस्तावना डॉ मनीषा सिंह ने प्रस्तुत की।


संगोष्ठी में डॉक्टर गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, प्रयागराज, डॉ रूली सिंह, मुंबई, डॉ मुक्ता कान्हा कौशिक, रायपुर, डॉ रश्मि चौबे, गाजियाबाद, मुंबई,  डॉक्टर गरिमा गर्ग, पंचकूला, डॉ शिवा लोहारिया, जयपुर, डॉक्टर चेतना उपाध्याय, अजमेर, डॉक्टर उर्वशी उपाध्याय, प्रयाग, श्री जयंत जोशी, धार, डॉक्टर समीर सैयद, अहमदनगर, डॉक्टर बालासाहब तोरस्कर, मुंबई, पूर्णिमा झेंडे, शकुंतला सिंह, सुनील मतकर, डॉ सुनीता चौहान, मुंबई, सुनीता गर्ग, डॉ गायत्री खंडाटे, हुबली, कर्नाटक, डॉ सरोज मैती आदि सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।



अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का संचालन श्रीमती लता जोशी मुंबई ने किया। आभार प्रदर्शन संस्था के महासचिव डॉ प्रभु चौधरी ने किया।









20130610

बारिश में केरल - डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा

बारिश में केरल : पल-पल परिवर्तित प्रकृति-वेश

डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा 

अपने ढंग के इस अकेले ग्रह  पर प्रकृति का अनुपम उपहार कहीं- कहीं ही समूचे निखार पर नज़र आता है। इनमें ईश्वर के अपने स्वर्ग के रूप में विख्यात केरल का नाम सहसा कौंध जाता है. उत्तर में जम्मू-कश्मीर और दक्षिण में केरल - दोनों अपने - अपने विलक्षण निसर्ग- वैभव से ना जाने किस युग से मनुष्य को चुम्बकीय आकर्षण से खींचते- बांधते आ रहे हैं। केरलकन्या राजश्री से विवाह के बाद   प्रायः मेरी अधिकतर केरल यात्राएँ  बारिश के आस-पास ही होती रही हैं। केरलवासी  इसे सही समय नहीं मानते, लेकिन इसका मुझे कभी अहसास नहीं हुआ। जब पूरा भारत भीषण गरमी - लू से तड़फता है। तब भी केरल का आर्द्र वातावरण लोगों के तन- मन को भिगोए रखता है। ऐसा उसके समुद्रतट और पर्वतमाला से घिरे होने और सघन वनों से संभव होता है। सूखे का कोई नामो निशान नहीं। शायद धरती पर कोई और जगह नहीं है। जहाँ नैसर्गिक हरीतिमा का सर्वव्यापी प्रसार हो।  सब ओर हरा ही हरा छाया हो। श्वासों में  नई स्फूर्ति, नई चेतना जगाती प्राणवायु हो।


गरमी की इन्तहा होने पर पूरा देश जब आसमान की ओर तकने लगता है, तब केरल के निकटवर्ती अरब सागर से ही काली घटाओं की आमद होती है। मानसून की पहली मेघमाला सबसे पहले केरल को ही नहलाती है। फिर पूरा देश मलय पर्वत से आती हुई वायु के साथ कजरारे बादलों की गति और लय से झूमने लगता है। कभी महाकवि कालिदास ने इन्हीं आषाढ़ी बादलों को देखकर उन्हें विरही यक्ष का सन्देश अलकापुरी में निवासरत प्रिया के पास पहुँचाने का माध्यम बनाया था और सहसा 'मेघदूत' जैसी महान रचना का जन्म हुआ था. केरल पहुंचकर कई दफा इन बादलों की तैयारी को निहारने का मौका मिला है। सुबह खुले आसमान के रहते अचानक उमस बढ़ने लगती है, फिर स्याह बादलों की अटूट शृंखला टूट पड़ती है,  केरलवासी  पहली बारिश में चराचर जगत के साथ झूम उठते हैं। उस वक्त मनुष्य और इतर प्राणियों का भेद मिटने लगता है। 


केरल में कहा जाता है कि जब कौवे कहीं बैठे-बैठे बारिश में भीगते नजर आएँ तो उसका मतलब होता है कि पानी रूकेगा नहीं। आखिरकार  वह क्यों न भीगता रहे , गर्वीले बादलों से उसे रार जो ठानना है , देरी का कारण जो जानना है।


बारिश में भीगते केरल के कई रूपों को मैंने अपनी यात्राओं में देखा है। कभी सागर तट पर, कभी ग्राम्य जीवन में , कभी नगरों में , कभी  मैदानों में, कभी पर्वतों पर और कभी अप्रवेश्य जंगलों में . हर जगह उसका अलग अंदाज,अलग शैली . वहाँ की बारिश को देखकर कई बार लगता है  कि यह आज अपना हिसाब चुकता कर के  ही जाएगी, लेकिन थोड़ी ही देर में आसमान साफ़ . कई दफा वह मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमानों को मुँह चिढ़ाती हुई दूर से ही निकल जाती है।


तिरुवनंतपुरम- कोल्लम  हो या कालिकट- कोईलांडी , कोट्टायम-पाला  हो या थेक्कड़ी या फिर इलिप्पाकुलम-ओच्चिरा  हो या गुरुवायूर - सब जगह की बारिश ने अन्दर- बाहर से भिगोया है, लेकिन हर बार का अनुभव निराला ही रहा . वैसे तो केरल की नदियाँ और समुद्री झीलें सदानीरा हैं, लेकिन बारिश में इनका आवेश देखते ही बनता है. लेकिन यह आवेश प्रायः मर्यादा को नहीं तोड़ता . यहाँ की नदियाँ काल प्रवाहिनी कभी नहीं बनती हैं . देश के अधिकतर राज्यों से ज्यादा बारिश के बावजूद प्रलयंकारी बाढ़ के लिए यहाँ कोई जगह नहीं है . छोटी-छोटी नदियाँ केरल की पूर्वी पर्वतमाला से चलकर तीव्र गति से सागर से मिलने को उद्धत हो सकती हैं, लेकिन ये किसी को तकलीफ पहुँचाना नहीं जानतीं।

 

बारिश में भीगे केरलीय पर्वत मुझे जब-तब निसर्ग के चितेरे सुमित्रानंदन पन्त की रचना 'पर्वत प्रदेश में पावस ' की याद दिलाते रहे हैं :   


 पावस ऋतु थी, पर्वत प्रदेश,
पल-पल परिवर्तित प्रकृति-वेश।

मेखलाकर पर्वत अपार
अपने सहस्‍त्र दृग-सुमन फाड़,
अवलोक रहा है बार-बार
नीचे जल में निज महाकार,

-जिसके चरणों में पला ताल
दर्पण सा फैला है विशाल!

गिरि का गौरव गाकर झर-झर
मद में नस-नस उत्‍तेजित कर
मोती की लडि़यों सी सुन्‍दर
झरते हैं झाग भरे निर्झर!

गिरिवर के उर से उठ-उठ करउच्‍चाकांक्षाओं से तरुवरहै झॉंक रहे नीरव नभ पर
अनिमेष, अटल, कुछ चिंता पर।

उड़ गया, अचानक लो, भूधर
फड़का अपार वारिद के पर!
रव-शेष रह गए हैं निर्झर!
है टूट पड़ा भू पर अंबर!

धँस गए धरा में सभय शाल!
उठ रहा धुऑं, जल गया ताल!
-यों जलद-यान में विचर-विचर
था इंद्र खेलता इंद्रजाल 

हे ईश्वर के अपने देश केरल , इसी तरह बारिश में भीगते रहना और सभी प्राणियों की तृप्ति बने रहना।

 

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा


कोट्टायम-कुमिली मार्ग का निसर्ग वैभव 


प्रो॰ शैलेन्द्रकुमार शर्मा Pro. Shailendrakumar Sharma



अंश शर्मा




प्रो॰ शैलेन्द्रकुमार शर्मा Pro. Shailendrakumar Sharma







कोट्टायम-कुमिली मार्ग का निसर्ग वैभव 

Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट