पेज

20161122

दुर्गादास राठौड़: स्वदेशाभिमान और स्वाधीनता का अमृत राग - प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा

अमरवीर दुर्गादास राठौड़ : जिण पल दुर्गो जलमियो धन बा मांझल रात।
- प्रो शैलेन्द्रकुमार शर्मा

माई ऐड़ा पूत जण, जेहड़ा दुरगादास।
मार मंडासो थामियो, बिण थम्बा आकास।।
आठ पहर चौसठ घड़ी घुड़ले ऊपर वास।
सैल अणी हूँ सेंकतो बाटी दुर्गादास।।

भारत भूमि के पुण्य प्रतापी वीरों में दुर्गादास राठौड़ (13 अगस्त 1638 – 22 नवम्बर 1718)  के नाम-रूप का स्मरण आते ही अपूर्व रोमांच भर आता है। भारतीय इतिहास का एक ऐसा अमर वीर, जो स्वदेशाभिमान और स्वाधीनता का पर्याय है, जो प्रलोभन और पलायन से परे प्रतिकार और उत्सर्ग को अपने जीवन की सार्थकता मानता है। दुर्गादास राठौड़ सही अर्थों में राष्ट्र परायणता के पूरे इतिहास में अनन्य, अनोखे हैं। इसीलिए लोक कण्ठ पर यह बार बार दोहराया जाता है कि हे माताओ! तुम्हारी कोख से दुर्गादास जैसा पुत्र जन्मे, जिसने अकेले बिना खम्भों के मात्र अपनी पगड़ी की गेंडुरी (बोझ उठाने के लिए सिर पर रखी जाने वाली गोल गद्देदार वस्तु) पर आकाश को अपने सिर पर थाम लिया था। या फिर लोक उस दुर्गादास को याद करता है, जो राजमहलों में नहीं,  वरन् आठों पहर और चौंसठ घड़ी घोड़े पर वास करता है और उस पर ही बैठकर बाटी सेंकता है। वे अपने युग में जीवन्त किंवदंती बन गए थे, आज भी उसी रूप में लोक कण्ठहार बने हुए हैं। 

दुर्गादास मारवाड़ के शासक महाराजा जसवंतसिंह के मंत्री आसकरण जी के पुत्र थे। उनका सम्बन्ध राठौड़ों की  करणोत शाखा से था। आसकरण मारवाड़  के शासक गजसिंह और उनके पुत्र जसवंतसिंह के प्रिय रहे और प्रधान पद तक पहुँचे। उनके तीन पुत्र थे- खेमकरण, जसकरण और दुर्गादास।  दुर्गादास की माता नेतकुंवर अपने पति और उनकी अन्य पत्नियों के साथ नहीं रहीं। दुर्गादास का जन्म श्रावन शुक्ल चतुर्दशी विक्रम संवत् 1695 को सालवां कल्ला में और उनका पालन पोषण जोधपुर से दूर लुणावा नामक ग्राम में हुआ।


पिता आसकरण की भांति किशोर दुर्गादास में भी वीरता कूट- कूट कर भरी थी। सन् 1655 की घटना है, जोधपुर राज्य की सेना के ऊंटों को चराते हुए राजकीय राईका (ऊंटों का चरवाहा) लुणावा में आसकरण जी के खेतों में घुस गए। किशोर दुर्गादास के विरोध करने पर भी उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया, वीर दुर्गादास का खून खोल उठा और तलवार निकाल कर त्वरित गति से उस राज राईका की गर्दन उड़ा दी। इस बात की सूचना महाराज जसवंत सिंह के पास पहुंची तो वे उस वीर को देखने के लिए उतावले हो उठे और अपने सैनिकों को दुर्गादास को लाने का आदेश दिया। दरबार में महाराज उस वीर की निर्भीकता देख अचंभित रह गए। दुर्गादास ने कहा कि मैंने अत्याचारी और दंभी राईका को मारा है, जो महाराज का भी सम्मान नहीं करता है और किसानों पर अत्याचार करता है। आसकरण ने अपने पुत्र को इतना बड़ा अपराध निर्भयता से स्वीकारते देखा तो वे किंकर्तव्यविमूढ़ हो गए। परिचय पूछने पर महाराज को मालूम हुआ कि यह आसकरण का पुत्र है। घटना की वास्तविकता को जानकर महाराज ने दुर्गादास को अपने पास बुला कर पीठ थपथपाई और तलवार भेंट कर अपनी सेना में शामिल कर लिया।

दुर्गादास ने सन् 1658, 16 अप्रैल को मालवा के धरमाट के युद्ध में महाराजा के साथ भाग लिया, जो दारा शिकोह और औरंगजेब के मध्य लड़ा गया था। जसवंतसिंह बादशाह शाहजहाँ के कृपापात्र होने के कारण दारा की ओर से लड़ा। इस युद्ध में दुर्गादास ने अपूर्व वीरता का परिचय दिया था, उन्हें घायल अवस्था में जोधपुर पहुंचाया गया। दारा को क्रमशः धरमाट, सामूगढ़ और दोराई में पराजित कर औरंगजेब ने पिता शाहजहाँ की सत्ता हथिया ली। कालांतर में महाराजा जसवंत सिंह दिल्ली के मुग़ल बादशाह औरंगजेब से मैत्री स्थापित हुई और वे प्रधान सेनापति बने। फिर भी औरंगजेब की नियत जोधपुर राज्य के लिए अच्छी नहीं थी। वह हमेशा जोधपुर को हड़पने के लिए मौके की तलाश में रहता था। सन् 1659 में गुजरात में मुग़ल सल्तनत के खिलाफ हुए विद्रोह को दबाने के लिए जसवंत सिंह को भेजा गया। दो वर्ष तक विद्रोह को दबाने के बाद जसवंत सिंह काबुल (अफ़गानिस्तान) में पठानों के विद्रोह को दबाने हेतु चल दिए और दुर्गादास की सहायता से पठानों का विद्रोह शांत करने के साथ ही 1678 ई. में वीर गति को प्राप्त हुए। उस समय उनका कोई उत्तराधिकारी घोषित नहीं था। औरंगजेब ने मौके का फायदा उठाते हुए मारवाड़ में अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयत्न किया। औरंगजेब ने जोधपुर पर कब्जा कर लिया और सारे शहर में लूटपाट, आगजनी और कत्लेआम होने लगा। देखते ही देखते शहर को उजाड़ बना दिया गया। लोग भय और आतंक के कारण शहर छोड़ अन्यत्र चले गए थे। उन्होंने जज़िया कर भी लगा दिया। राजधानी जोधपुर सहित सारा मारवाड़ तब अनाथ हो गया था। ऐसे संकटकाल में कुँवर अजीतसिंह के संरक्षक बने। दुर्गादास ने स्वर्गीय महाराज जसवंत सिंह की विधवा महारानी तथा उसके नवजात शिशु (जोधपुर के भावी शासकअजीतसिंह) को औरंगजेब की कुटिल चालों से बचाया। दिल्ली में शाही सेना के पंद्रह हजार सैनिकों को गाजर-मूली की तरह काटते हुए मेवाड़ के राणा राजसिंह के पास परिवार सुरक्षित पहुंचाने में वीर दुर्गादास राठौड़ सफल हो गए। औरंगजेब तिलमिला उठा और उनको पकड़ने के लिए उसने मारवाड़ के चप्पे-चप्पे को छान मारा। यही नहीं उसने दुर्गादास और अजीतसिंह को जिंदा या मुर्दा लाने वालों को भारी इनाम देने की घोषणा की थी।इधर दुर्गादास भी मारवाड़ को आजाद कराने और अजीतसिंह को राजा बनाने की प्रतिज्ञा को कार्यान्वित करने में जुट गए थे। दुर्गादास जहां राजपूतों को संगठित कर रहे थे वहीं औरंगजेब की सेना उनको पकड़ने के लिए सदैव पीछा करती रहती थी। कभी-कभी तो आमने-सामने मुठभेड़ भी हो जाती थी। ऐसे समय में दुर्गादास की दुधारी तलवार और बर्छी कराल-काल की तरह रणांगण में नरमुंडों का ढेर लगा देती थी।

मारवाड़ के स्वाभिमान को नष्ट करने के लिए जो मुग़ल रणनीति तैयार हुई थी, उसे साकार होना दुर्गादास राठौड़ जैसे महान् स्वातन्त्र्य वीर, योद्धा और मंत्री के रहते कैसे सम्भव था? बहुत रक्तपात के बाद भी मुग़ल सेना सफल न हो सकी। अजीत सिंह को रास्ते का कांटा समझ कर औरंगजेब ने अजीतसिंह की हत्या की ठान ली, औरंगजेब के षड्यंत्र को स्वामी भक्त दुर्गादास ने भांप लिया और अपने साथियों की मदद से स्वांग रचाकर अजीतसिंह को दिल्ली से निकाल लाये। वे अजीतसिंह के पालन पोषण की समुचित व्यवस्था के साथ जोधपुर राज्य के लिए होने वाले औरंगजेब द्वारा जारी षड्यंत्रों के खिलाफ निरंतर लोहा लेते रहे। अजीतसिंह के बड़े होने के बाद राजगद्दी पर बैठाने तक वीर दुर्गादास को जोधपुर राज्य की एकता और स्वतंत्रता के लिए दर दर की ठोकरें खानी पड़ी, औरंगजेब की ताकत और प्रलोभन दुर्गादास को डिगा न सके। जोधपुर की स्वतंत्रता के लिए दुर्गादास ने लगभग पच्चीस सालों तक संघर्ष किया, किंतु अपने मार्ग से च्युत नहीं हुए। उन्होंने मुग़ल सम्राट औरंगज़ेब को न केवल चुनौती दी, कई बार औरंग़ज़ब को युद्ध में पीछे हटाकर संधि के लिए मजबूर भी किया। उन्होंने छापामार युद्ध भी लड़े और निरन्तर मारवाड़ के कल्याण के लिए शक्ति संचय करते रहे। मारवाड़ के मुक्ति संग्राम के वे सबसे बड़े नायक थे। उनके पराक्रम से औरंगजेब बेनूर हो जाता था और दिल्ली भी भयाक्रांत हो जाती थी, आज भी लोक स्मृति में ये प्रसंग सप्राण बने हुए हैं।

दुरगो आसकरण रो, नित उठ बागा जाये
अमल औरंग रो उतारे, दिल्ली धड़का खाए।
दिल्ली दलदल मेंह, आडियो रथ अगजीत रौ।
पाछोह इक पल मेंह, कमधज दुर्गे काढियो।।
संतति साहरी, गत सांहरी ले गयो।
रंग दंहूँ राहांरी, बात उबारी आसवात।।
रण दुर्गो रुटेह, त्रिजडअ सिर टूटे तुरत।
लाठी घर लूटेह, आलम रो उठै अमल।।
ओरंग इक दिन आखियो, तने बालोह कांइ दुरगेश।
खग वालिह वालोह प्रभु, वालोह मरुधर देश।।

उनका खाना-पीना यहाँ तक कि रोटी बनाना भी कभी-कभी तो घोड़े की पीठ पर बैठे-बैठे ही होता था। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज भी जोधपुर के दरबार में लगा वह विशाल चित्र देता है,  जिसमें दुर्गादास राठौड़ को घोड़े की पीठ पर बैठे एक श्मशान भूमि की जलती चिता पर भाले की नोक से आटे की रोटियां सेंकते हुए दिखाया गया है। डा. नारायण सिंह भाटी ने 1972 में मुक्त छंद में राजस्थानी भाषा के प्रथम काव्य दुर्गादास में इस घटना का चित्रण किया है,

तखत औरंग झल आप सिकै, सूर आसौत सिर सूर सिकै, 
चंचला पीठ सिकै पाखरां-पाखरां,  सैला असवारां अन्न सिकै।।

अर्थात् औरंगजेब प्रतिशोध की अग्नि में अंदर जल रहा है। आसकरण के शूरवीर पुत्र दुर्गादास का सिर सूर्य से सिक रहा है अर्थात् तप रहा है। घोड़े की पीठ पर निरंतर जीन कसी रहने से घोड़े की पीठ तप रही है। थोड़े से समय के लिए भी जीन उतारकर विश्राम देना संभव नहीं है। न खाना पकाने की फुरसत, न खाना खाने की। घोड़े पर चढ़े हुए ही भाले की नोक से सवार अपनी क्षुधा की शांति के लिए खाद्य सामग्री सेंक रहे हैं।

दुर्गादास राठौड़ गहरे साहित्यानुरागी ही नहीं थे,उन्होंने स्वयं डिंगल काव्य रचनाएँ भी की थीं। उन्होंने कई कवियों को आश्रय भी दिया। अपने जीवन के अन्तिम दिनों में दुर्गादास को मारवाड़ छोड़ना पड़ा। ऐसी मान्यता है कि कुछ लोगों ने दुर्गादास के खिलाफ महाराज अजीतसिंह के कान भर दिए थे, जिससे महाराज दुर्गादास से अनमने रहने लगे,  इसे देखकर दुर्गादास ने मारवाड़ राज्य छोड़ना उचित समझा और वे मालवा चले गए, वहीं  उन्होने अपने जीवन के अन्तिम दिन गुजारे।दुर्गादास कहीं के राजा या महाराजा नहीं थे, परंतु उनके उज्ज्वल चरित्र की महिमा इतनी ऊंची है किवे कितने ही भूपालों से ऊंचे हो गये और उनका यश तो स्वयं उनसे भी ऊंचा उठ गया:

धन धरती मरुधरा धन पीली परभात। 
जिण पल दुर्गो जलमियो धन बा मांझल रात।।

अर्थात् दुर्गादास तुम्हारे जन्म से मरुधरा धन्य हो गई। वह प्रभात धन्य हो गया और वह मांझल रात भी धन्य हो गई जिस रात्रि में तुमने जन्म लिया।

वीर दुर्गादास का निधन 22 नवम्बर, सन् 1718 को पुण्य नगरी उज्जैन में हुआ और अन्तिम संस्कार उनकी इच्छानुसार उज्जैन में शिप्रा नदी के तट पर किया गया था, जहाँ स्थापित उनकी मनोहारी छत्रीआज भी भारत के इस अमृत पुत्र की कीर्ति का जीवन्त प्रतीक बनी हुई है। इस स्मारक की वास्तुकला राजपूत शैली में है तथा एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। लाल पत्थर से निर्मित इस छत्री पर दशावतार, मयूर आदि को अत्यंत कलात्मकता के साथ उकेरा गया है। आसपास का परिदृश्य प्राकृतिक  सुषमा से भरपूर है, इसलिए यह स्मारक एक छोटे से रत्न की तरह चमकता है। दुर्गादास की इस पावन देवली पर दुर्गादास जयन्ती आयोजन के साथ ही समय समय अनेक देशप्रेमी मत्था टेकने के लिए आते हैं।

वरिष्ठ लोक मनीषी डॉ पूरन सहगल ने मालव भूमि पर बसे लोक समुदाय के मध्य आज भी जीवित दुर्गादास राठौड़ से जुड़े वाचिक साहित्य के संकलन - सम्पादन का संकल्प लिया, जो पूर्ण हो गया है। इस संकलन में संचित दुर्गादास जी विषयक सामग्री कई नए तथ्यों का उद्घाटन करती है, वहीं लोक के कोण से उनकी छबि को नए आलोक में देखने का अवसर प्रदान करती है। वीर दुर्गादास राठौड़ के अवदान को लेकर पूर्व में अनेक प्रकाशन अस्तित्व में आए हैं, यथा: जगदीशसिंह गेहलोत कृत इतिहास ग्रंथ वीर दुर्गादास राठौड़, इतिहासकार डॉ रघुवीरसिंह कृत इतिहास ग्रंथ राठौड़ दुर्गादास,सुखवीरसिंह गेहलोत कृत इतिहास ग्रंथ स्वतन्त्रता प्रेमी दुर्गादास राठौड़, विट्ठलदास धनजी भाई पटेल कृत गुजराती उपन्यास वीर दुर्गादास अथवा मारू सरदारो, प्रेमचंद कृत वीर दुर्गादास, द्विजेन्द्रलाल राय कृत बांग्ला नाटक दुर्गादास (हिन्दी अनुवाद रूपनारायण पांडेय), हरिकृष्ण प्रेमी कृत नाटक आन का मान, प्रहलादनारायण मिश्र की पुस्तकराठौड़ वीर दुर्गादास, नारायणसिंह शिवाकर की  राजस्थानी में निबद्ध वीर दुर्गादास सतसई आदि। इनके अलावा रामरतन हालदार, पं विश्वेश्वरनाथ रेउ,डॉ रामसिंह सोलंकी आदि ने भी उनके चरित्र को ऐतिहासिक दृष्टि से आकार दिया है। डॉ पूरन सहगल का यह प्रयास इन सबसे अलहदा है, जहां मालवा अंचल की वाचिक परंपरा में मौजूद इस महान योद्धा की पावन गाथा और अन्य नवीन सामग्री सर्वप्रथम प्रकाश में आ गई है।  

इतिहासकार जदुनाथ सरकार ने दुर्गादास जी के अवदान को लेकर ठीक ही कहा है, "उनको न मुगलों का धन विचलित कर सका और न ही मुग़ल शक्ति उनके दृढ़ हृदय को पीछे हटा सकी। वह एक वीर था जिसमें राजपूती साहस व मुग़ल मंत्री सी कूटनीति थी।" दुर्गादास ने अपूर्व पराक्रम, बलिदानी भावना, त्यागशीलता, स्वदेशप्रेम और स्वाधीनता का न केवल प्रादर्श रचा, वरन् उसे जीवन और कार्यों से साक्षात् भी कराया। उनके जैसे सेनानी के अभाव में न भारत की संस्कृति और सभ्यता रक्षा संभव थी और न ही आजाद भारत की संकल्पना संभव। कविवर केसरीसिंह बारहठ की यह प्रार्थना निरन्तर साकार होती रहे, तब निश्चय ही राष्ट्र को कोई भी शक्ति परतन्त्रता की बेड़ियों में कदापि जकड़ा न सकेगी :
देविन को ऐसी शक्ति दीजिये कृपानिधान।
दुर्गादास जैसे माता पूत जनिबो करै।।
                                


प्रो. शैलेन्द्रकुमार शर्मा
आचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष
कुलानुशासक
विक्रम विश्वविद्यालय
उज्जैन 456010






20160925

महर्षि सान्दीपनि - श्रीकृष्ण विद्यांजलि: ग्रन्थ समीक्षा

भारतीय ज्ञान परम्परा के औदात्य को समर्पित सार्थक उपक्रम / ग्रन्थ समीक्षा
प्रो शैलेन्द्रकुमार शर्मा  Shailendrakumar Sharma
विश्व सभ्यता के अनन्य केंद्र रूप में उज्जयिनी का नाम सुविख्यात है। शास्त्र और विद्या की विलक्षण रंग-स्थली रही है यह नगरी। शास्त्रीय और लोक दोनों ही परम्पराओं के उत्स, संरक्षण और विस्तार में उज्जैन न जाने किस सुदूर अतीत से निरंतर निरत  है। अपने समूचे अर्थ में यह पुरातन नगरी भारत की समन्वयी संस्कृति की संवाहिका है, जहाँ एक साथ कई छोटी-बड़ी सांस्कृतिक धाराओं के मिलन, उनके समरस होने और नवयुग के साथ हमकदम होने के साक्ष्य मिलते हैं। ऐसी विलक्षण नगरी के विख्यात ज्योतिर्विद् पं आनन्दशंकर व्यास के साथ वरिष्ठ साहित्यकार श्री रमेश दीक्षित, डॉ भगवतीलाल राजपुरोहित एवं डॉ जगन्नाथ दुबे के सुधी संयोजन एवम् सम्पादन में सद्यः प्रकाशित ग्रन्थ महर्षि सान्दीपनि - श्रीकृष्ण विद्यांजलि एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में आया है।
शिक्षा, संस्कृति जैसे महनीय कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण विचारों, परम्पराओं और लेखन को समर्थ मंच और दिशा देने की दृष्टि से पण्डितप्रवर आनन्दशंकर व्यास विविधायामी गतिविधियों के साथ विगत अनेक वर्षों से सन्नद्ध हैं। यह विशेष प्रसन्नता का विषय है कि उनके इस ग्रन्थ का बीजांकुरण और प्रकाशन सम्पूर्ण भारत को संस्कृति, सभ्यता और विविध ज्ञानानुशासनों के प्रति गहरे दायित्वबोध से जोड़ने वाली पुरातन नगरी उज्जैन से ही हुआ है, जो महर्षि सान्दीपनि और श्रीकृष्ण के आदर्श गुरु - शिष्य सम्बन्ध की साक्षी है।
पं व्यास के परिवार द्वारा नव संवत्सरारम्भ, पंचांग प्रकाशन, गुरु पूर्णिमा उत्सव सहित विभिन्न प्रकल्प अनेक दशकों से निरंतर जारी हैं। यह परिवार संस्कृतिकर्म में नवोन्मेषी सक्रियता से अपनी अलग पहचान रखता है। पं व्यास द्वारा महर्षि सान्दीपनि एवम् श्रीकृष्ण के चरित को केंद्र में रखते हुए गुरु शिष्य परम्परा के प्रति सम्मान के साथ ही भारतीय विद्या की महनीयता को रेखांकित करने की दृष्टि से किए जा रहे प्रयत्नों की शृंखला में यह प्रकाशन अभिनव उपलब्धि बना है।
इस बृहद् ग्रन्थ का प्रथम खण्ड सान्दीपनि एवम् कृष्ण के बहाने भारतीय शिक्षा परम्परा के प्रादर्शों को रूपांकित करता है। मनुष्य की अविराम यात्रा में ज्ञान की महिमामयी उपस्थिति रही है। इसी दृष्टि से ज्ञान की अनादि और अखंडित परंपरा को समर्पित विलक्षण पर्व गुरु पूर्णिमा का भारतीय परम्परा में विशिष्ट स्थान रहा है। यह गुरु के व्याज से ज्ञान की उपासना का पर्व है। आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा तक आते-आते भारतभूमि न्यूनाधिक रूप से शुरूआती बारिश से भीग जाती है। ऐसे अमल-मनोरम मौसम में गुरु की भक्ति का पर्व गुरु पूर्णिमा आता है, जिस दिन गुरु पूजा का विधान है। इस दिन से चार महीने तक परिव्राजक साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर ज्ञान की गंगा बहाते हैं। ये चार महीने मौसम की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ होते हैं। न अधिक गर्मी और न अधिक सर्दी। इसलिए अध्ययन के लिए उपयुक्त माने गए हैं। जैसे सूर्य के ताप से तप्त भूमि को वर्षा से शीतलता और फसल पैदा करने की शक्ति मिलती है, ऐसे ही गुरुचरण में उपस्थित साधकों को ज्ञान, शांति,  भक्ति और योग-शक्ति प्राप्त करने की सामर्थ्य मिलती है। ग्रन्थ के पहले खण्ड में गुरु तत्व महिमा,  गुरु पूर्णिमा और गुरु शिष्य परम्परा पर महत्वपूर्ण सामग्री संजोई गई है। भारतीय परंपरा में गुरु की महिमाशाली स्थिति सुस्थापित तथ्य है,जिसे इस ग्रन्थ में स्थान स्थान पर रेखांकित किया गया है। गुरु शब्द के व्युत्पत्तिलब्ध अर्थ को लेकर शास्त्रों में पर्याप्त विचार हुआ है। गु का अर्थ बताया गया है- अंधकार या मूल अज्ञान और रु का का अर्थ किया गया है- उसका निरोधक। गुरु को गुरु इसलिए कहा जाता है कि वह अज्ञान तिमिर का ज्ञानांजन-शलाका से निवारण कर देता है। अर्थात् अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को 'गुरु' कहा जाता है। गुरु तथा देवता में समानता के लिए एक श्लोक में कहा गया है कि जैसी भक्ति की आवश्यकता देवता के लिए है वैसी ही गुरु के लिए भी।  बल्कि सद्गुरु की कृपा से ईश्वर का साक्षात्कार भी संभव है। गुरु की कृपा के अभाव में कुछ भी संभव नहीं है।  गुरु को परिभाषित किया गया है- ‘गृणाति उपदिशति वेदशास्त्राणि यद्वा गीर्यते स्तूयते शिष्यवर्गे।‘ अर्थात गुरु वह है जो वेदशास्त्रों का गृणन या उपदेश करता है तथा जो शिष्यवर्ग द्वारा स्तुत होता है। मनुष्य जन्म से अनगढ़ होता है, जो उसे सुसंस्कृत बनाता है, वह गुरु है। प्रथम गुरु माता-पिता हैं तो गुरु स्वयं दूसरे माता-पिता की भूमिका निभाते हैं। यास्क ने निरुक्त में बड़ी सुंदर उपमा दी है- सत्य की कुरेदनी से कानों को कुरेदकर जो अमृत भरे, वही गुरु है। गुरु की भूमिका कुम्हार की तरह है, जो अंदर से सहाय देता है और बाहर से चोट मार कर हमारी खोट को निकलता है, कबीर वचन है-
गुरु कुम्हार सिख घट्ट है, गढ़ि-गढ़ि काढ़े खोट।
अंतर हाथ सहाय दे, बाहर मारे चोट ।।        
ग्रन्थ के इसी भाग में सान्दीपनि एवम् कृष्ण के चरित, शिक्षा प्रणाली, विविधविध कलारूप, काल गणना परम्परा, पुरातन शिक्षा सिद्धांत, आश्रम आदि के साथ ही उज्जयिनी की ज्ञान परम्परा और यहाँ के विद्यारत्न, ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर की महिमा, स्तोत्र आदि का समावेश किया गया है। वेदभूमि से लेकर मोक्षभूमि तक उज्जैन ने सुदीर्घ यात्रा तय की है, जिसका महिमांकन इस ग्रन्थ में अनेक मनीषियों ने किया है। इतिहास, पुरातत्व, संस्कृति, ज्ञान विज्ञान, साहित्य आदि की समृद्धता में इस परिक्षेत्र के योगदान की चर्चा इस खण्ड की उपलब्धि बनी है।
द्वितीय खण्ड शिक्षा पर केंद्रित है। इस खण्ड में प्राचीन एवम् अर्वाचीन शिक्षा पद्धति सहित विद्यार्जन के विविध पहलुओं पर स्तरीय आलेखों का संचय किया गया है। ग्रन्थ में अनेक स्वनामधन्य विद्वानों के आलेखों को स्थान मिला  है, वहीं कुछ धरोहर लेख भी समाहित किए गए हैं। स्वामी करपात्री जी महाराज, पं संकर्षण व्यास, स्वामी महेश्वरानंद सरस्वती, पद्मभूषण पं सूर्यनारायण व्यास, डॉ शिवमंगलसिंह सुमन, आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी, आचार्य श्रीनिवास रथ, डॉ ब्रजबिहारी निगम, रोचक घिमिरे व्यास, प्रो रहसबिहारी निगम, डॉ श्यामसुंदर निगम,  देवर्षि कलानाथ शास्त्री, पं आनन्दशंकर व्यास, डॉ रुद्रदेव त्रिपाठी, डॉ शिवनन्दन कपूर, डॉ पुरु दाधीच, डॉ भगवतीलाल राजपुरोहित, डॉ दयानन्द भार्गव, डॉ घनश्याम पाण्डेय, डॉ केदारनारायण जोशी,  डॉ केदारनाथ शुक्ल,  डॉ विन्ध्येश्वरीप्रसाद मिश्र, डॉ बालकृष्ण शर्मा, डॉ श्रीकृष्ण मुसलगाँवकर, स्वामी भक्तिचारु, डॉ जगन्नाथ दुबे, डॉ श्रीकृष्ण जुगनू, डॉ शिव चौरसिया प्रभृति विद्वानों के आलेख इस ग्रंथ की समृद्धि के सूचक हैं। लगभग सवा सौ आलेखों का संचयन और सम्पादन निश्चय ही श्रमसाध्य कार्य था। इसके लिए संपादकों और लेखकों की जितनी प्रशंसा की जाए कम होगी।
पंचांग प्रकाशन विभाग, बड़ा गणेश, उज्जैन से प्रकाशित इस ग्रन्थ में जहां भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़े अनेक नवीन तथ्य और विचार उद्घाटित हुए हैं, वहीं कई पूर्वोपलब्ध तथ्यों की अभिनव पहचान और पड़ताल भी हुई है। पं व्यास ने अपने आद्य पुरुष महर्षि सांदीपनि की स्मृति को प्रणामांजलि अर्पित करने के लिए लगभग डेढ़ दशक पूर्व इस ग्रंथ के प्रकाशन का संकल्प लिया था, जो बड़े ही सुंदर रूप में साकार हो गया है। वस्तुतः इस प्रकार के महनीय प्रयत्नों से ही उज्जयिनी का गौरववर्धन होता है और वह अपनी प्रतिकल्पा रूप को साकार करती है।

ग्रन्थ : महर्षि सान्दीपनि - श्रीकृष्ण विद्यांजलि
सम्पादक: पं आनन्दशंकर व्यास, रमेश दीक्षित, डॉ भगवतीलाल राजपुरोहित, डॉ जगन्नाथ दुबे
प्रकाशक: पंचांग प्रकाशन विभाग, बड़ा गणेश, उज्जैन
प्रथम संस्करण विक्रम संवत 2073
पृष्ठ 448 एवम्  बहुरंगी प्लेट्स 26

प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा                                      
आचार्य एवं कुलानुशासक
विक्रम विश्वविद्यालय
उज्जैन 456010
मोबा :098260-47765
ई मेल : shailendrasharma1966@gmail.com



Featured Post | विशिष्ट पोस्ट

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : वैचारिक प्रवाह से जोड़ती सार्थक पुस्तक | Mahatma Gandhi : Vichar aur Navachar - Prof. Shailendra Kumar Sharma

महात्मा गांधी : विचार और नवाचार - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा : पुस्तक समीक्षा   - अरविंद श्रीधर भारत के दो चरित्र ऐसे हैं जिनके बारे में  सबसे...

हिंदी विश्व की लोकप्रिय पोस्ट